थाना चौक /जनपद महराजगंज(न्यू सूर्या टाइम) स्थानीय थाना क्षेत्र के निचलौल मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम सभा टीकर- पड़री कला के पास सड़क किनारे पानी में एक युवक का शव उसकी बाइक समेत बरामद हुआ है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह टीकर पड़री कला गांव के कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे।
इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पानी में डूबी एक बाइक और उसके पास पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सभा सेखुई निवासी 22 वर्षीय गौतम पुत्र सिंहासन के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि गौतम मंगलवार शाम से घर से लापता था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार उसकी तलाश कर रहा था। बुधवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलने पर परिवार में शोक छा गया। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक बाइक समेत पानी में कैसे गिरा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मुख्य मार्ग पर इस तरह शव मिलने से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में चिंता का माहौल है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस सम्बन्ध में चौक थानाअध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया की अग्रिम विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है।
संवाददाता दिनेश कुमार(न्यू सूर्या टाइम)
